भीमताल। महिलाओं को ब्यूटीशियन कोर्स के साथ बच्चों को कराटे का प्रशिक्षण देकर भीमताल की अनीता कुलेठा आत्मनिर्भर के साथ आत्म सुरक्षा का ज्ञान देकर नारी शक्ति के लिए मिशाल बनी हैं। औरौ मार्शल आर्ट्स अकादमी और एना मेक ओवर की संस्थापक अनीता कुलेठा सालों से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और बच्चों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण दे रही हैं।
अनीता की मेकओवर अकादमी में आठ महिलाएं नियमित रोजगार कर रही हैं। कराटे के माध्यम से अनीता 100 से अधिक बच्चों को आत्मरक्षा और मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दे रही हैं। अनीता वर्तमान समय में नैनीताल किक बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं औरौ फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। वह फाउंडेशन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं को निशुल्क ब्यूटीशियन कोर्स की सुविधा का लाभ देकर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का भी काम कर रही है। अनीता ने बताया कि महिलाएं हर क्षेत्र में आगे आ सकती है। संवाद