हल्द्वानी बनभूलपुरा पुलिस द्वारा पकड़ी गई शराब के साथ तस्कर। फोटोः मेल से
हल्द्वानी। बनभुलपूरा थाना पुलिस ने हरियाणा ब्रांड शराब के साथ ग्राम सैमली थाना अस्मोली जिला संभल यूपी निवासी अनिल कुमार, ग्राम दानाशाही की मिलक थाना मझोला जिला मुरादाबाद यूपी निवासी रणजीत सिंह और थाना मझोला जिला मुरादाबाद यूपी निवासी अंकुर चौधरी को गिरफ्तार किया है। यह तीनों हरियाणा से शराब की खेप पंचायत चुनाव के लिए खैरना ले जा रहे थे। इनमें से अनिल कुमार देहरादून से एमबीए की पढ़ाई कर चुका है।
शुक्रवार सुबह बनभुलपूरा थाना पुलिस को हल्द्वानी गौलापार के रास्ते पहाड़ की ओर अवैध रूप से शराब ले जाने की सूचना मिली। इस पर बनभुलपूरा थाना प्रभारी सुशील कुमार ने टीम के साथ गौलापार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया। गौला पुल के पास एक स्विफ्ट कार की तलाशी लेने पर पुलिस को कार से तीस पेटी हरियाणा ब्रांड की शराब बरामद हुई।
पुलिस ने कार सवार अनिल कुमार, रणजीत सिंह और अंकुर चौधरी को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों युवक हरियाणा से शराब की खेप लाकर उसे खैरना गांव में ले जा रहे थे। पंचायत चुनाव के लिए शराब मंगाई गई थी। तीनों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेजा गया है। एसओ ने बताया कि शराब तस्करी में पकड़ा गया अनिल कुमार देहरादून से एमबीए की पढ़ाई कर चुका है। यह तीनों युवक फोन पर शराब की डिमांड लेकर सप्लाई पहुंचाते थे। पुलिस ने उनकी कार को भी सीज किया है। शराब की डिमांड देने वाले का पता लगाने को खैरना पुलिस से भी संपर्क किया गया है।
मुरादाबाद जीरो प्वाइंट पर होती है पलटी
हल्द्वानी। हरियाणा और अन्य राज्यों से उत्तराखंड में आने वाली अवैध शराब सीधे यहां तक नहीं पहुंचती है। शराब को बाहरी राज्यों से बरेली रोड मुरादाबाद स्थित जीरो प्वाइंट तक ट्रक आदि के माध्यम से पहुंचाया जाता है। यहां से तस्कर अपने वाहनों में शराब की पलटी कर उसे उत्तराखंड में लाते हैं। हरियाणा में शराब सस्ती होने के कारण तस्करों को मुनाफा भी अधिक होता है।