नैनीताल। मल्लीताल चीना बाबा चौराहा क्षेत्र में एक युवक ने राह चलती किशोरी को पीट दिया। स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मल्लीताल निवासी किशोरी शनिवार देर रात बाजार से घर को जा रही थी। इस बीच सामने से आ रहे युवक ने अचानक उसका रास्ता रोक उसे पीटना शुरू कर दिया। किशोरी को पीटता देख लोगों ने बीचबचाव किया और आरोपी को पुलिस को सौंप दिया। कोतवाली आने पर किशोरी व उसके साथ मौजूद अन्य लड़कियों की ओर से युवक पर कमेंट करने का पता लगा। कोतवाल हेम चंद्र पंत ने बताया कि किशोरी व उसके परिजनों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं चाहने पर गार्डन हाउस मल्लीताल निवासी किशोर के खिलाफ पुलिस एक्ट में चालानी कार्रवाई कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। पूछताछ में युवक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा है।