बादरकोट में बंदर के हमले से घायल आंगनबाड़ी कार्यकर्ता। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BHIMTAL
गरमपानी (नैनीताल)। बेतालघाट ब्लॉक के बादरकोट गांव में आक्रामक बंदरों ने रविवार की सुबह एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पर हमला कर दिया। महिला की चीखपुकार पर आसपास के लोगों ने बंदरों को भगाया और महिला को अस्पताल ले गए। जहां प्राथमिक इलाज के बाद महिला को छुट्टी दे दी गई।
40 वर्षीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गीता देवी पत्नी पूरन सिंह हमले के दौरान अपने घर में थीं। बंदर घर के अंदर घुस गए थे। प्रधान पूजा पिनारी, सामाजिक कार्यकर्ता कृपाल सिंह मेहरा और लभाभु सिंह ने बताया कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक काफी बढ़ गया है। बंदर लोगों पर हमला करने के साथ खेतों में लगी फसलें भी बर्बाद कर रहे हैं। उन्होंने बंदरों से निजात दिलाने की मांग की और ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। संवाद