नैनीताल। आंगनबाड़ी केंद्रों को बेहतर बनाने के लिए स्थानीय लोग, जनप्रतिनिधि और निजी कंपनियां भी आगे आ रही हैं। अग्रवाल ट्रेडर्स ने मोतीनगर, खड़कपुर, हरिपुर तुलाराम, किशनपुर और लामाचौड़ सहित करीब 10 आंगनबाड़ी केंद्रों को अलमारी और वाटर फिल्टर भेंट किए हैं। विकास भगत की ओर से 38 आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। मुखानी क्षेत्र के पार्षद ने तीन केंद्रों को करीब 40 कुर्सियां भेंट कीं। टोयोटा कंपनी की ओर से हल्द्वानी शहर के 50 आंगनबाड़ी केंद्रों में खिलौने और प्री-स्कूल सामग्री उपलब्ध कराई गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट ने बताया कि सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक सहयोग जुड़ने से इन केंद्रों को अधिक सुविधाजनक बनाने और समुदाय को बच्चों के भविष्य से जोड़ने की दिशा में मदद मिल सकती है। माई सिटी रिपोर्टर
नए इंटर कॉलेजों को मिलेगा लैब, फर्नीचर और भवनों का लाभ
भीमताल(नैनीताल)। जिले में हाईस्कूल से इंटर कॉलेज में उच्चीकरण होने के वाले विद्यालयों में प्रयोगशालाएं, फर्नीचर और नए भवनों का निर्माण कार्य किया जाएगा। शिक्षा विभाग की ओर से नए इंटर कॉलेजों के सौंदर्यीकरण के लिए प्रस्ताव तैयार कर निदेशालय भेजने की तैयारियां की जा रही है। निदेशालय से बजट जारी होते ही विद्यालयों का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मुख्य शिक्षाधिकारी रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि शासन से हाईस्कूलों का इंटर कॉलेज में उच्चीकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा का लाभ मिल सके इसके लिए अतिथि शिक्षकों की तैनाती की गई है। साथ ही नए भवनों का निर्माण, प्रयोगशालाएं और फर्नीचर के साथ अन्य व्यवस्थाएं की जानी है। उन्होंने कहा कि इसके लिए प्रस्ताव बनाकर निदेशालय भेजकर धनराशि स्वीकृत होते ही निर्माण कार्य किए जाएंगे। संवाद