नैनीताल। नैनीताल की क्षतिग्रस्त लोअर मॉल रोड का एंकरिंग मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया है। कार्य में झील की ओर से तिरछे एंकर भूमिगत किए जा रहे हैं।
वर्ष 2018 में मॉल रोड का 25 मीटर हिस्सा झील में समाने के बाद अस्थायी उपचार किया गया था। बीते वर्ष बरसात में लोअर मॉल रोड पर फिर बड़ी दरारें उभर आई थीं। इसके बाद से ही सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से में वाहनों की आवाजाही ठप है। लोनिवि ने दरार वाले क्षेत्र के साथ ही 2018 में क्षतिग्रस्त हुई मॉल रोड का ट्रीटमेंट पिछले वर्ष शुरू किया। पहले चरण में सड़क पर एसडीए पाइपों को 18 मीटर गहराई तक भूमिगत कर उसके भीतर केमिकल भरा गया। सहायक अभियंता विवेक सिंह ने बताया कि पहले चरण में एसडीए मरम्मत कार्य लगभग 80 प्रतिशत पूरा हो चुका है। अब कार्यदायी संस्था ने दूसरे चरण में एंकरिंग मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है।