पतलोट(नैनीताल)। ओखलकांडा और धारी ब्लॉक क्षेत्र में तीन महिलाओं को मारने वाले तेंदुए की पुष्टि अभी भले ही न हो सकी हो लेकिन वन विभाग की ओर से शुक्रवार की सुबह ओखलकांडा ब्लॉक की ग्राम पंचायत चमोली के तोक किटोडा के जंगल में लगाए गए पिंजरे में एक तेंदुआ फंसा हुआ मिला। तेंदुए के फंसे होने की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी नितिन पंत वन कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और तेंदुए को रानीबाग रेस्क्यू सेंटर ले गए। विभाग का मानना है कि यह तेंदुआ वही तेंदुआ हो सकता है जिसने 30 दिसंबर को चमोली के तोक किटोडा में रेखा देवी को हमला कर मार दिया था। हालांकि आदमखोर तेंदुए का पता डीएनए सैंपल रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा। तेंदुए के पकड़े जाने से ग्रामीणों को थोड़ी राहत जरूर मिली है। ग्रामीणों ने विभाग से गश्त और पिंजरे लगाए रखने की मांग की है। ताकि कोई और घटना न घट सके। संवाद
दीनी तल्ली में दिखा तेंदुआ, महिला ने भागकर बचाई जान
पहाड़पानी (नैनीताल)। धारी ब्लॉक की ग्राम पंचायत दीनी तल्ली में वन विभाग की ओर से बुधवार को एक तेंदुए को पकड़ने के बाद रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया था। शुक्रवार की सुबह दस बजे चौरापाखा में केदारी लाल के घर के पास तेंदुआ दिखने से लोगों में दहशत का माहौल है। केदारी लाल ने बताया कि सुबह उनकी पत्नी खेत में चारा काट रही थी तभी एक तेंदुआ घर के पास दिखाई दिया तो शोर मचाने के बाद उनकी पत्नी ने भागकर जान बचाई। साथ ही तेंदुआ जंगल की तरफ भाग गया। ग्रामीणों ने बताया कि तेंदुए के दिखाई देने के बाद से लोगों में डर का माहौल है। ग्रामीणों ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। साथ ही पिंजरा और गश्त बढ़ाने की मांग की है। वन क्षेत्राधिकारी विजय भट्ट और नितिन पंत के नेतृत्व में खुटियाखाल और उसके आसपास के गांवों में ग्रामीणों के मवेशियों के लिए चारे की व्यवस्था की गई है। साथ ही ग्रामीणों को घरों से बाहर अकेले नहीं निकलने की अपील की है। धारी ब्लॉक प्रमुख भावना ने भी वन विभाग से क्षेत्र में लगातार गश्त रखने की मांग की है। संवाद
कोट
ओखलकांडा में एक और तेंदुए को पकड़ने के बाद रानीबाग रेस्क्यू सेंटर भेजा गया है। वन विभाग की टीम धारी और ओखलकांडा क्षेत्र में लगातार गश्त कर रही है। पिंजरे और ट्रैप कैमरों से नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से अकेले बाहर नहीं निकलने की अपील लगातार की जा रही है। - आकाश गंगवार, डीएफओ नैनीताल