नैनीताल/गरमपानी। नैनीताल में सैलानियों के वाहनों की संख्या में हुई बढ़ोतरी के चलते एक एंबुलेंस तल्लीताल क्षेत्र में जाम में फंस गई। इसके चलते मरीज को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बता दें नववर्ष के जश्न को लेकर नैनीताल में पर्यटकों का आना शुरू हो गया है।
बृहस्पतिवार को पर्यटन स्थलों पर दिनभर सैलानियों का तांता लगा रहा। पंत पार्क, मॉलरोड, बड़ा बाजार, चिड़ियाघर, वाटरफाॅल, घोड़ा स्टैंड, स्नोव्यू के अलावा आदि स्थलों में पर्यटकों की चहलकदमी रही। पर्यटकों के वाहनों के दबाव के चलते हल्द्वानी की ओर जा रही एक एंबुलेंस फंस गई। इसके चलते मरीज को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहर में व्यवस्थाओं को संभालने और पर्यटकों की सुविधा के लिए लगाई गई पुलिस फोर्स ने यातायात को व्यवस्थित किया। इसके अलावा सुरक्षा व सुविधा के मद्देनजर शहर व अस्थायी पार्किंग स्थलों में पुलिस तैनात रही।
इधर खैरना बाजार में हल्द्वानी की तरफ जा रहे कैंटर में तकनीकी खराबी आ गई। इससे कैंटर के मोड़ पर खड़े होने से जाम लग गया। हल्द्वानी और अल्मोड़ा की तरफ से आने-जाने वाले वाहनों की एकतरफा आवाजाही होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर बाद कैंटर के हटने के बाद यातायात सामान्य हुआ।