रामनगर। जंगल में मवेशी चराने गए एक बालक पर बाघ ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। परिजनों ने बालक को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार को तराई पश्चिमी वन प्रभाग के आमपोखरा रेंज के प्लॉट संख्या 21 में गुलाम रसूल नामक वनगुर्जर का पुत्र अमानत अली (13) अपने मवेशी चुगाने गया था। कुछ ही देर में अमानत लहूलुहान हालत में दौड़ता हुआ घर पहुंचा। उसने अपने ऊपर बाघ का हमला बताया और बेहोश हो गया।
घबराए परिजन बालक को तत्काल रामनगर के बृजेश चिकित्सालय उपचार के लिए लाए। यहां पर डॉ. अभिषेक अग्रवाल ने गंभीर हालत देखते हुए उसे रेफर कर दिया। बालक के सिर में गहरे जख्म हैं। बालक पर बाघ के हमले की खबर मिलते ही विभागीय प्रभागीय अधिकारी कहकशां नसीम व रेंजर लक्ष्मण सिंह बिष्ट तत्काल अस्पताल पहुंचे।
बालक का हमलावर वन्यजीव बाघ है या गुलदार यह जांच के बाद ही साफ हो पाएगा। फिलहाल मौके पर वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है और ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर से जाने की मनाही कर दी गई है। उधर, महिला आयोग उपाध्यक्ष अमिता लोहनी ने भी अस्पताल पहुंचकर घायल का हाल जाना।