जिला क्रीड़ा संघ और जिमखाना क्लब के सहयोग से चल रही छठी जूनियर उत्तराखंड ओपन हॉकी प्रतियोगिता का खिताब अल्मोड़ा ने जीत लिया है। बुधवार को खेले गए फाइनल में अल्मोड़ा ने काशीपुर को 4-2 से हराया। विजेता और उपविजेता टीमों को मुख्य अतिथि सीआरएसटी इंटर कालेज के पूर्व शिक्षक एवं बुजुर्ग खिलाड़ी केसी पंत ने पुरस्कृत किया।
हाफ टाइम तक अल्मोड़ा की टीम 2-0 से आगे थी। हाफ टाइम के बाद अल्मोड़ा ने फिर दो गोल किए, जबकि काशीपुर की ओर से दो ही गोल हुए। अंत तक स्कोर 4-2 ही रहा। अल्मोड़ा से तारिक, सिद्धार्थ, पवन और लोकेश जबकि काशीपुर से मनोज टम्टा तथा बॉबी धामी ने गोल किया। अंपायर मंजुल प्रकाश सनवाल व अमित कुमार, तकनीकी समिति में कैलाश बोरा, दीपक साह, उद्घोषक मनोज कुमार थे।
प्रतियोगिता के तहत नैनी अवार्ड के रूप में काशीपुर के मनोज टम्टा को एक हजार रुपये नकद और स्मृति चिन्ह दिया गया। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार टनकपुर के प्रदीप बिष्ट, अल्मोड़ा के विशेष कुमार, नैनीताल के सुमित और काशीपुर के बॉबी धामी को दिया गया। सभी खिलाड़ियों को 500-500 रुपये का नगद पुुरस्कार व स्मृति चिन्ह दिए गए। पुरस्कार की नगद धनराशि डीएसए के पूर्व महासचिव घनश्याम लाल साह की ओर से दी गई, जबकि स्मृति चिन्ह्न डीएसए ने दिए।
इस दौरान आयोजक सचिव चंद्र लाल साह, डीएसए के महासचिव घनश्याम लाल साह, संयुक्त सचिव धीरज बिष्ट, अहमद सिद्दीकी, गंगा प्रसाद साह, राजेंद्र सिंह रावत, डा. डीएस बिष्ट, भुवन बिष्ट, जेसी लोहनी, सुदर्शन लाल साह आदि खेल प्रेमी मौजूद थे। संचालन हेमंत बिष्ट ने किया।