पत्रकार वार्ता करते पहाड़ी आर्मी संगठन के पदाधिकारी। विज्ञप्ति
हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विवि में घोटाले का आरोप लगाते हुए पहाड़ी आर्मी उत्तराखंड संगठन ने मामले की पूरी जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। संगठन ने आरोप लगाया कि मुक्त विवि में कुलपति और एक मंत्री के इशारे पर करीबियों को उनकी योग्यता से बड़े पदों पर नियुक्तियां दी गई हैं।
पहाड़ी आर्मी के प्रवक्ता भुवन पोखरिया और अध्यक्ष हरीश रावत ने पत्रकार वार्ता में बताया कि उत्तराखंड में यूकेएसएसएससी, यूकेपीएससी और विभिन्न आयोगों में वर्ष 2000 से ही भर्ती घोटाले हुए हैं और हर नेता और अधिकारियों ने अपने चहेतों को रेवड़ियां बांटी है। साथ ही कहा कि मुक्त विवि में जितनी भी भर्तियों में लिखित परीक्षाएं हुई हैं उनमें पेपर लीक करने और ओएमआर सीट से छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगाया। इसके अलावा उन्होंने कई अन्य गंभीर आरोप भी लगाए।
उन्होंने उत्तराखंड मुक्त विवि के कुलपति को तुरंत बर्खास्त करने और 150 से ज्यादा फर्जी भर्ती करने वाले कुलपति के खिलाफ सीबीआई जांच की मांग की है। इसके लिए संगठन 14 सितंबर को हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में जन आक्रोश रैली निकालेगा। वहीं कुलपति प्रो. ओपीएस नेगी का कहना है कि सारी नियुक्तियां नियमानुसार हुई हैं। किसी को नियुक्तियों पर आपत्ति है तो वह आरटीआई से जानकारी ले सकता है।
इस मौके पर दीपेंद्र सिंह नेगी, भूपेंद्र कोरंगा, रमेश पलड़िया, कौशल पाठक, सुनील जोशी, रविंद्र कनवाल, हेम शर्मा, हितेंद्र राठौर, रवि बिष्ट, मनीष गोनी मौजूद रहे।