जिला मुख्यालय नैनीताल के इलाहाबाद बैंक को छोड़ किसी भी बैंक में अभी तक 500 रुपए का नया नोट नहीं पहुंचा है। दूसरी ओर अधिकांश बैंकों में लोगों को अपनी पेंशन और वेतन लेने के लिए लाइन लगानी पड़ी।
अधिकांश बैंक प्रबंधकों के मुताबिक लोगों ने अपनी जरूरत के मुताबिक जितनी धनराशि निकाली, वह उन्हें दी गई।
एसबीआई के मुख्य शाखा प्रबंधक मनीष चौधरी ने बताया कि बैंक में अभी पांच सौ के नए नोट नहीं पहुंचे हैं। वेतन व पेंशन धारकों को हर संभव सुविधा दी गई। चौधरी के मुताबिक अधिकतम 24 हजार रुपए निकालने की सीमा तय है। इलाहाबाद बैंक के प्रबंधक नरेंद्र सिंह लसपाल ने बताया कि उनके बैंक में पांच सौ के नए नोट आ गए हैं। पेंशन और वेतन धारकों को कोई परेशानी नहीं उठानी पड़ी।
माल रोड स्थित नैनीताल बैंक के प्रबंधक राजीव शाह ने कहा कि दोपहर तक कैश की कमी के बाद भी पेंशन व वेतनधारकों को 10 से 12 हजार की धनराशि का भुगतान किया गया। दूसरी ओर तल्लीताल के शाखा प्रबंधक पीके साह के मुताबिक बैंक में कैश की काफी कमी है, जितना कैश मिला, उसी के मुताबिक लोगों को पैसे दिए गए। पीएनबी और पंजाब एंड सिंध बैंक में भी लोगों को अधिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।