नैनीताल। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए स्टेक होल्डरों के साथ संबंधित विभागों को आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले शहर में यातायात, पार्किंग, सफाई, पेयजल, सुरक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था कर ली जाए। उन्होंने कहा कि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने बताया कि जल्द ही होटल व्यवसायियों, टैक्सी यूनियनों, व्यापार मंडल सहित अन्य स्टेक होल्डरों के साथ बैठक कर सुझाव लिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यटन सीजन के दौरान व्यवस्था बनाने के लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटन स्थलों पर साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए ताकि शहर में आने वाले पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।