नैनीताल। मौसम विभाग ने बुधवार को जनपद में तेज हवाओं, गर्जन के साथ बिजली और ओलावृष्टि की आशंका जताई है। एडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने इस पूर्वानुमान के मद्देनजर जनता से सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अपर जिलाधिकारी ने लोगों से आवागमन में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने संबंधित तहसील, आपदा कंट्रोल रूम और जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र को क्षति संबंधी सूचनाओं का तत्काल आदान-प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। सभी नामित नोडल अधिकारियों को अलर्ट पर रहने के लिए कहा गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और एडीबी जैसे विभागों को किसी भी मोटर मार्ग के बाधित होने पर उसे तुरंत खुलवाने के निर्देश दिए हैं।
टोल फ्री नंबर पर कर सकते हैं संपर्क
सभी चौकी और थाने के कर्मी आपदा संबंधी उपकरणों और वायरलेस सेट सहित हाईअलर्ट पर रहेंगे। किसी भी प्रकार की सूचना के लिए जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के फोन नंबर 05942-231178/79/81 और टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है। राज्य आपदा नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0135-2710335, 2710334 पर भी सूचना दी जा सकती है।