रामनगर। कोतवाली पुलिस ने हरियाणा क्षेत्र से लग्जरी कार की डिकी में रखकर सराईखेत की ओर ले जाई जा रही चंडीगढ़ ब्रांड की शराब समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई शराब की कीमत लाखों रुपए आंकी गई है। कोतवाल संजय पांडे और पीरूमदारा पुलिस चौकी इंचार्ज राहुल राठी मंगलवार दोपहर हल्दुआ बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर ने सूचना दी कि काशीपुर की ओर से एक कार रामनगर की ओर आ रही है, जिसमें भारी मात्रा में चंडीगढ़ ब्रांड की अंग्रेजी शराब भरी है।
इस आधार पर सक्रिय पुलिस ने वाहन चेकिंग शुरू की तो काशीपुर की ओर से आती टोयोटा कैमरी कार डीएल 1सीजे/0545 को रोकने की कोशिश की तो चालक ने वाहन की गति बढ़ाकर वाहन को रामनगर की ओर दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने कार को पीरूमदारा क्षेत्र की मधुवन कॉलोनी की ओर मोड़ दिया तभी पीछे से आ रही पुलिस टीम ने रेलवे क्रॉसिंग के पास बने ब्रेकर के पास उक्त कार को घेरकर उसे रोक लिया। तलाशी लेने पर कार की डिकी में चंडीगढ़ ब्रांड की 55 पेटी अंग्रेजी शराब मिली।
इनमें 560 बोतलें रखीं गई थीं। मामले में पुलिस ने खजूरीखास दिल्ली निवासी कार चालक राजेश और उसके साथ मुकुंदपुर मछली बाजार नई दिल्ली निवासी सुनीता गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया। कार चालक ने बताया कि वह हरियाणा से लाकर यह शराब सराईखेत अल्मोड़ा ले जा रहा था। वह पहले भी एक खेप पहुंचा चुका था। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपए है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चालक और महिला को गिरफ्तार कर शराब समेत वाहन को सीज कर दिया है। पुलिस सराईखेत में शराब के ग्राहक की भी तलाश में है।
रामनगर। आगामी विधानसभा चुुनाव तिथि की घोषणा से पहले ही अवैध शराब की तस्करी होने लगी है। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्कर लग्जरी गाड़ियों में परिवार की मौजूदगी तक दिखाने लगे हैं। इससे पहले भी शराब तस्कर कभी लाल बत्ती तो कभी नेता का बोर्ड, झंडा लगाते रहे हैं। गिरफ्तार कार चालक ने बताया कि वह पहले भी अपनी परिचित महिला को नैनीताल घुमाने के बहाने लाया था, जिसके साथ 17 वर्षीय बेटी और तीन साल का बेटा भी आया था। इसके बावजूद उसने सराईखेत में शराब के ग्राहक का नाम नहीं बताया।