गाजियाबाद से शादी समारोह में आए एक परिवार पर गर्जिया झूूला पुल पर नशे में धुत युवकों ने हमला कर दिया। महिला के सिर में बोतल मारी तो वह घायल हो गईं। चीख पुकार मचने पर हमलावर भाग गए। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी तो घेराबंदी कर छह युवकों को पकड़ लिया गया। तीन युवक अब भी फरार हैं।
गाजियाबाद के वैशाली सेक्टर दो निवासी प्रेरणा उसके पति अमित सिंह, चार वर्षीय बेटा अतभ, भाई गौरव और जतिन शर्मा यहां एक शादी समारोह में आए थे। सभी यहां ढिकुली के एक रिसोर्ट में रुके हैं। मंगलवार देर शाम परिवार के लोग गर्जिया झूला पुल पर घूमने गए थे।
वहां शराब के नशे में धुत नौ युवक हुड़दंग मचा रहे थे। परिवार के साथ महिला को देखकर युवक आपत्तिजनक टिप्पणियां करने लगे। विरोध किया तो मारपीट पर उतारू हो गए। एक ने प्रेरणा के सिर में शराब की बोतल मार दी। वह लहूलुहान हो गईं। इसके बाद हमलावर अपनी गाड़ियों से भाग गए।
पुलिस पहुंची तो प्रेरणा को तत्काल प्राइवेट अस्पताल भेजा गया। उनके सिर पर चार टांके लगाए गए हैं। इसके बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी की। एक गाड़ी में बैठे छह लोगों को पकड़ लिया गया।
उनकी पहचान हरजोत निवासी खड़गपुर काशीपुर, सुखदीप, अमनदीप निवासी चैतीफार्म काशीपुर, दीपू निवासी सुभाष नगर चैतीफार्म काशीपुर, मंदीप, हरजीत निवासी गिन्नी खेड़ा कशीपुर को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दूसरी गाड़ी में विक्रांत, हरजीत निवासी जसपुर रोड कुंडा काशीपुर, तरनदीप निवासी रुद्रपुर थे।
जो पुलिस के हाथ नहीं लगे। इसके बाद परिवार कोतवाली पहुंच गया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।