हल्द्वानी। एमआईईटी कुमाऊं कॉलेज ऑफ नर्सिंग में दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आईएएनईटीएल-2026 का शुभारंभ हुआ। नर्सिंग शिक्षा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सिमुलेशन और नवाचार पर केंद्रित इस सम्मेलन में 614 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। विशेषज्ञों ने कहा कि एआई से नर्सिंग शिक्षा अधिक प्रभावी होगी लेकिन मरीजों की देखभाल में मानवीय संवेदनशीलता और सहानुभूति हमेशा जरूरी रहेगी।
मुख्य अतिथि पंतनगर विवि के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप ने चिकित्सा और नर्सिंग शिक्षा में आधुनिक तकनीक के महत्व पर विचार रखे। वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल ने निरंतर सीखने पर जोर दिया जबकि सलाहकार शौर्यनिधि बिष्ट ने कहा कि सिमुलेशन से छात्र सुरक्षित माहौल में आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास कर सकते हैं।
इसके अलावा हिमालयन विवि जॉलीग्रांट के डॉ. राजेश कुमार शर्मा, रोहिलखंड कॉलेज बरेली की डॉ. प्रियंका ए. मसीह और देहरादून सीआईएमएस की प्रो. चेतना ने भी विचार रखे। वहां निदेशक डॉ. तरुण कुमार सक्सेना, विभागाध्यक्ष शेखर सुंथा, आकांक्षा, स्वाति उप्रेती, नेहा रौतेला आदि मौजूद थे।