हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में शुक्रवार को बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई। स्नातक प्रथम सेमेस्टर में छात्र-छात्राओं के दाखिले 17 जुलाई से शुरू होंगे। बीकॉम प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए 1434 आवेदन आए थे, इनमें से 880 सीटों की मेरिट जारी होने के कारण 554 विद्यार्थी दाखिले से बाहर हो गए हैं।
एमबीपीजी कॉलेज में बीए, बीएससी की मेरिट लिस्ट बृहस्पतिवार को ही जारी कर दी गई थी, शुक्रवार को वाणिज्य विभाग की प्रवेश समिति के संयोजक डॉ. संजीव सक्सेना ने प्राचार्य डॉ. जीएस बिष्ट की संस्तुति के उपरांत बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट लिस्ट घोषित की। डॉ. सक्सेना ने बताया कि बीकॉम में प्रवेश के लिए 1434 आवेदन आए थे, इसमें से 880 सीटों के लिए मेरिट लिस्ट जारी की गई है, इसमें सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 301 है, जबकि एससी, एसटी एवं ओबीसी वर्ग में सभी का चयन हो गया है। परीक्षा नियंत्रक डॉ. नवीन भगत ने बताया कि पहले 15 जुलाई से स्नातक प्रथम सेमेस्टर में दाखिले शुरू होने थे, लेकिन अब 17 जुलाई से दाखिले करने का फैसला किया गया है।
बीकॉम में 554 विद्यार्थी दाखिले से बाहर
एमबीपीजी कॉलेज में बीकॉम प्रथम सेमेस्टर की मेरिट सूची घोषित, 17 से शुरू होंगे दाखिले
इस बार ऑनलाइन जमा होगी फीस
हल्द्वानी। इस वर्ष पहली बार छात्र-छात्राएं अपनी फीस ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। प्रभारी प्राचार्य डॉ. जीएस बिष्ट ने बताया कि इसके लिए नैनीताल बैंक से करार किया गया है। दो हजार रुपये तक की फीस के भुगतान पर किसी तरह का कोई शुल्क बैंक नहीं लेगा।
मेरिट लिस्ट देखने को लगी छात्रों की भीड़
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज खुलने पर शुक्रवार को बीए, बीकॉम, बीएससी (पीसीएम ग्रुप), बीएससी (जेडबीसी ग्रुप) की मेरिट लिस्ट देखने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ लग गई। इन तीनों कक्षाओं की मेरिट लिस्ट बृहस्पतिवार अपराह्न बाद लगाई गई थी, लेकिन मौसम खराबी के चलते विद्यार्थी मेरिट लिस्ट देखने नहीं आ सके थे।
महिला कॉलेज में 15 से शुरू होंगे दाखिले
हल्द्वानी। राजकीय महिला कॉलेज में शुक्रवार को बीए, बीकॉम, बीएससी (पीसीएम) एवं बीएससी (जेडबीसी) की मेरिट लिस्ट घोषित कर दी गई। मेरिट के आधार पर चयनित छात्राओं के दाखिले 15 जुलाई से होंगे। प्राचार्य डॉ. रेखा पांडे ने बताया कि बीकॉम ऑनर्स में जो छात्राएं दाखिला लेना चाहती हों, वे कुमाऊं विवि के पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कर लें। प्राचार्य ने कहा कि दाखिले के समय छात्राओं को एंटी रैगिंग का फॉर्म ऑनलाइन भरकर लाना होगा, इसके निर्देश कुमाऊं विवि की ओर से जारी किए गए हैं।