हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में चहलकदमी करती छात्राएं। अमर उजाला
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में नैक निरीक्षण की तैयारियों के चलते दो और तीन अगस्त को शिक्षण कार्य और प्रवेश प्रक्रिया स्थगित रहेगी। बृहस्पतिवार को बीएससी जेडबीसी में 14, पीसीएम ग्रुप में 34 और बीकॉम 12 दाखिले हुए।
प्रभारी प्राचार्य डा. जीएस बिष्ट ने बताया कि महाविद्यालय में पांच एवं छह अगस्त को नैक की टीम द्वारा निरीक्षण किया जाना है, जिस कारण शिक्षण एवं प्रवेश कार्य स्थगित रहेगा लेकिन महाविद्यालय के संस्थागत छात्र/छात्राएं अपने परिचय पत्र के साथ महाविद्यालय में आ सकते हैं। बिना परिचय पत्र के किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। प्राचार्य ने कहा है कि सात अगस्त से प्रवेश और शिक्षण कार्य फिर से शुरू होगा।
कॉलेज प्रशासन ने कहा, नैक निरीक्षण में करें सहयोग
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज प्रशासन ने बृहस्पतिवार को छात्रसंघ के वर्तमान पदाधिकारियों और संभावित प्रत्याशियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा नैक निरीक्षण में सहयोग करने की अपील की। अपराह्न पौने दो बजे कांफ्रेंस हाल में शुरू हुई बैठक में प्राचार्य डा. जीएस बिष्ट ने कहा कि सीटें बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय को लिख दिया गया है। उन्होंने छात्रनेताओं से अपील करते हुए कहा कि जो भी गिले शिकवे हैं उन्हें बाद में दूर कर लेंगे, सभी छात्र नैक निरीक्षण में सहयोग करें। छात्रसंघ प्रभारी डा. डीसी पंत ने नैक निरीक्षण को देखते हुए छात्रसंघ के संभावित प्रत्याशियों से स्टीकर न लगाने पर जोर दिया। चीफ प्राक्टर डा. विनय विद्यालंकार ने कहा कि सीटें बढ़ाने को लेकर दो-तीन दिन के अंदर निर्णय होने की उम्मीद है। छात्रसंघ अध्यक्ष गौरव कोरंगा ने ऑफलाइन आवेदन करने वाले सभी छात्रों को प्रवेश देने का मुद्दा उठाया, कोषाध्यक्ष हिमांशु जोशी, छात्रनेता मनीष गौनी, दीपक मेवाड़ी, गौरव सिंह बिष्ट, कमलेश भट्ट, नीरज बिष्ट आदि ने भी अपनी बात रखी। इस दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक डा. एमएस मनोला, डा. एपी सिंह, डा. नवीन भगत, डा. सीएस जोशी आदि मौजूद रहे।