एमबी पीजी कॉलेज में अब बिना मेरिट के सबके एडमिशन शुरू हो गए हैं। शुक्रवार को बिना मेरिट के छात्र-छात्राओं के बीए, बीकॉम और बीएससी में आवेदन फार्म जमा करने के साथ ही एडमिशन किए गए। इधर, शुक्रवार को एडमिशन फीस जमा करने के लिए छात्र-छात्राओं की काफी भीड़ जमा होने पर कॉलेज प्रशासन ने बैंकों की हड़ताल के बावजूद तीन काउंटर खुलवाकर विद्यार्थियों की फीस जमा कराई।
इस तरह शुक्रवार को 459 एडमिशन हुए। इधर, छात्रसंघ चुनाव के दावेदारों का जनसंपर्क भी जारी रहा। एमबीपीजी कॉलेज में बीए में 640, बीएससी में 480 और बीकॉम में 320 सीटों पर प्रवेश के लिए मेरिट लिस्ट 20 एवं 21 जुलाई जारी की गई थी। लेकिन शुक्रवार तक किसी भी वर्ग में सीटें पूरी नहीं भर सकीं। मेरिट में चयनित दर्जनों छात्र-छात्राएं एडमिशन के लिए आए ही नहीं।
प्राचार्य डॉ. बीसी मेलकानी ने बताया कि मेरिट लिस्ट के अलावा बड़ी संख्या में विद्यार्थी एडमिशन लेना चाहते हैं, इसलिए मेरिट के अलावा दूसरे छात्र-छात्राओं को भी एडमिशन देने की प्रक्रिया शुक्रवार से शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि एडमिशन की अंतिम तिथि 30 जुलाई निर्धारित है, इसके बाद एडमिशन बंद कर दिए जाएंगे।
चीफ प्राक्टर डॉ. आरएस भाकुनी ने बताया कि शुक्रवार को बीए में 273, बीएससी में 108 और बीकॉम में 78 विद्यार्थियों ने प्रवेश समितियों के समक्ष उपस्थित होकर अभिलेख चेक कराकर एडमिशन लिया। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को बैंकों की हड़ताल थी, बावजूद इसके नैनीताल बैंक से अनुरोध कर उनसे दो के स्थान पर तीन फीस काउंटर खुलवाए गए। इससे छात्र-छात्राओं को फीस जमा करने में परेशानी नहीं हुई।