नैनीताल। डीएम के कड़े निर्देशों के बाद अधिकारी अलर्ट मोड पर आ गए हैं। होटल, रिजॉर्ट और होम स्टे संचालकों की ओर से ओवररेटिंग या पर्यटकों से अभद्रता की शिकायत मिलने पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी के निर्देश के बाद प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करते हुए वार्डवार 15 समितियों का गठन किया है।
बुधवार को पर्यटन सीजन की बैठक में जिलाधिकारी के सख्त रुख के बाद संबंधित विभागों के अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि पर्यटन सीजन की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में पर्यटकों से ओवररेटिंग और अभद्र व्यवहार की शिकायतें सामने आई थीं। इसी के मद्देनजर अब राजस्व विभाग, नगर पालिका और जिला विकास प्राधिकरण के 45 कर्मियों को शामिल कर 15 समितियां बनाई गई हैं। ये टीमें अपने-अपने वार्डों में होटल, रिजॉर्ट, होम स्टे और गेस्टहाउस का नियमित निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान समितियां संचालकों का पंजीकरण, कर्मचारियों का विवरण और अन्य जरूरी जानकारियां एकत्र करेंगी। अनियमितता पर रिपोर्ट तैयार कर तहसीलदार को सौंपी जाएगी।