नैनीताल। तल्लीताल पुलिस ने कोर्ट में जमानत के लिए फर्जी दस्तावेज दाखिल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार चांदपुर उत्तर प्रदेश निवासी महिपाल सिंह ने गैंगस्टर मामले की सजा काट रहे चांदपुर यूपी निवासी तौफीक कुरैशी की पूर्व में जमानत अर्जी दाखिल की थी। इसमें गवाही के लिए महिपाल सिंह ने कोर्ट में दस्तावेज पेश किए थे। कोर्ट के निर्देश पर जब चांदपुर तहसीलदार ने जमानत प्रपत्रों की जांच की तो अभियुक्त की हैसियत कम पाई गई। उसने फर्जी हैसियत प्रमाण पत्र बनाकर न्यायालय में पेश किया था। मामले में कोर्ट ने केस दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दे दिए। इस पर तल्लीताल थाने में महिपाल सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी के तहत मामला दर्ज कर दिया था। इधर रविवार को तल्लीताल थाने में तैनात एसआई दीपक बिष्ट और कांस्टेबल राजकुमार ने महिपाल सिंह को चांदपुर यूपी से गिरफ्तार कर किया। सोमवार को उसे कोर्ट में पेशी के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।