हल्द्वानी में जमीन खरीदने और बेचने के नाम पर 25 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप में घिरे चर्चित बिल्डर धनंजय गिरी को ऊधमसिंह नगर की एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है। टीम ने उससे काठगोदाम थाने में घंटों पूछताछ की।
कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देश पर एएसपी ऊधमसिंह नगर के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने बृहस्पतिवार की देर रात आरोपी धनंजय को गिरफ्तार कर लिया। उस पर लोगों को जमीन दिलाने, भूखंड बेचने और निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये हड़पने का आरोप है। नवंबर-2024 से अब तक 20 लोग एसआईटी के समक्ष शिकायत दर्ज करा चुके हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि धनंजय गिरी और उसके साथियों ने अलग-अलग लोगों से करोड़ों की रकम ठगी है। कई लोगों से जमीन की डील कराने के नाम पर एडवांस रकम ली गई, लेकिन बाद में न तो जमीन का बैनामा हुआ और न ही रकम वापस की गई। सूत्रों के अनुसार पुलिस जांच में भारी वित्तीय और भूमि संबंधी धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है।
जमीन धोखाधड़ी के इस मामले में वर्ष 2018 से अब तक नौ प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इनमें तीन मामलों की विवेचना चल रही है। इसके अतिरिक्त 15-20 अन्य पीड़ित लगातार धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज करा रहे हैं।
एसआईटी की जांच में यह बात सामने आई कि आरोपी धनंजय सह अभियुक्तों के साथ मिलकर अवैध रूप से वित्तीय लाभ कमाने के मकसद से अपराध को अंजाम दे रहा था। पुलिस के मुताबिक सह अभियुक्तों की गिरफ्तारी व उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी धनंजय की अवैध संपत्तियों को चिह्नित कर लिया गया है। ऐसी संपत्ति को पीड़ितों में वितरित करने की भी कार्रवाई की जा रही है।