नैनीताल। गेठिया क्षेत्र के गधेरे में 23 अप्रैल को लखीमपुर खीरी निवासी युवक का शव मिलने के मामले में अब नया मोड़ आ गया है।बताया जा रहा है कि मृतक का उसके साथी के साथ विवाद हुआ था। इसी धक्का मुक्की में वह खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई थी। युवक के साथी ने ही मृतक के शरीर से कपड़े उतारकर कहीं छिपा दिए थे। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
बीते 23 अप्रैल को गेठिया क्षेत्र के एक गधेरे में युवक का सड़ा गला शव बरामद हुआ था। उसकी शिनाख्त लखीमपुर खीरी निवासी राजेश (36) के रूप में हुई थी। 30 मार्च से गुम युवक की उसके परिजनों ने तल्लीताल थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने मृतक के साथियों से पूछताछ की तो उन्हें कुछ शक हुआ। जांच के दौरान पुलिस ने उसके साथी लखीमपुर निवासी मनोज कुमार से पूछताछ की। मनोज ने बताया कि दोनों गेठिया के एक होटल का निर्माण कार्य कर रहे थे। घर जाने को लेकर उसके साथ विवाद हो गया था। इस बीच सड़क किनारे उसकी राजेश से धक्का मुक्की हुई तो राजेश खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। डर के चलते उसने राजेश के कपड़े उतारकर जंगल में भी छिपा दिए थे। ज्योलीकोट चौकी इंचार्ज अविनाश मौर्य ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। जिसे न्यायालय पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।