15 grdo2p मृतक नंदन सिंह के पिता रोते
- फोटो : GARUD
गरुड़ (बागेश्वर)। पुणे से उत्तराखंड के प्रवासियों को लेकर आ रहा टेंपो ट्रैवलर बृहस्पतिवार को गुना (एमपी) में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इससे घायल एक प्रवासी उत्तराखंडी ने उपचार के दौरान ग्वालियर के अस्पताल में दम तोड़ दिया। दो प्रवासियों की हालत गंभीर है। दुर्घटना में घायल अन्य प्रवासियों को प्राथमिक उपचार के बाद गुना के जिला प्रशासन ने उत्तराखंड शासन से वार्ता के बाद दूसरे वाहन से उत्तराखंड भेज दिया है।
पुणे से उत्तराखंड के प्रवासी बृहस्पतिवार को दो टेंपो ट्रैवलर बुक करके घर आ रहे थे। बृहस्पतिवार रात करीब 8:30 बजे एमपी के गुुना जिले पहुंचने पर एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर एक ट्राले से टकरा गया। दुर्घटना में पुणे निवासी चालक के साथ ही तीन प्रवासी भी गंभीर रूप से घायल हो गए। पांच प्रवासियों को मामूली चोट लगी। जिला प्रशासन गुुना ने दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों को केएम अस्पताल ग्वालियर में पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शुक्रवार तड़के गंभीर रूप से घायल गरुड़ के ग्राम जवड़ास्टेट निवासी नंदन सिंह (35) पुत्र दीवान सिंह नेगी की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल ग्राम पप्यां गरुड़ निवासी दिनेश सिंह परिहार पुत्र खिलाफ सिंह और उसकी पत्नी विमला देवी की हालत भी गंभीर बताई गई है। उनकी कुशलक्षेम लेने के लिए शुक्रवार को परिजन ग्वालियर रवाना हो गए हैं। गुना जिला प्रशासन ने उत्तराखंड शासन से वार्ता के बाद अन्य प्रवासी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद एक एंबुुलेंस से उत्तराखंड भेज दिया है। नैनीताल के सांसद अजय भट्ट, अल्मोड़ा के सांसद अजय टम्टा, बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास ने भी मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान और गुना के डीएम से वार्ता की। घटना की सूचना मिलते ही भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट ने डीएम गुना समेत मामूली रूप से घायलों से बातचीत की। बिष्ट ने बताया कि ग्वालियर में पोस्टमार्टम के बाद नंदन का शव भी उत्तराखंड के लिए भेज दिया गया है।