हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में एक सितंबर से नया शिक्षा सत्र शुरू हो जाएगा। 24 अगस्त तक महाविद्यालय में 3120 सीटों पर 2435 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। बाकी बची 685 सीटों पर 29 अगस्त को अंतिम मेरिट सूची जारी होगी।
कुमाऊं विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में 17 अगस्त से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होनी थी, लेकिन ज्यादातर महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी न होने के कारण कक्षाओं का संचालन नहीं हो सका है। इस बार नई शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम चलेगा। ऐसे में कॉलेज प्रशासन को कई चुनौतियों का सामना भी करना पड़ सकता है। एमबी कॉलेज में कला वर्ग में सबसे अधिक 1326 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है।
प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने बताया कि महाविद्यालय में अब तक चली प्रवेश प्रक्रिया के अनुरूप करीब 80 प्रतिशत विद्यार्थियों के प्रवेश हो गए हैं। बची सीटों पर 29 अगस्त को अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी। इसके बावजूद अगर सीटें बचती हैं तो प्रवेश से पहली, दूसरी, तीसरी सूची में वंचित रह गए छात्र-छात्राओं को मौका दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में एक सितंबर से शैक्षणिक सत्र 2022-23 की कक्षाओं का संचालन होगा। कक्षाओं के संचालन को लेकर कॉलेज प्रशासन तैयारियों में लगा है।