कुमाऊं विवि छात्र परिषद के चुनाव की तैयारी के विरोध में मंगलवार को एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने शिक्षा के मंदिर में मर्यादाओं को तार-तार कर दिया। विवि के प्रशासनिक भवन में नारेबाजी के साथ कार्यकर्ता मेज पर चढ़ गए और कुर्सियां पटक डाली। विवि प्रशासन पर सरकार के दबाव में कार्य करने का आरोप लगाया। एबीवीपी के इस विरोध को देखते हुए कुलपति प्रो. एचएस धामी ने देर शाम छात्र परिषद चुनाव आठ फरवरी तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
कुलपति की ओर से अल्मोड़ा में छात्र परिषद के चुनाव कराने की घोषणा के साथ ही परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी को चुनाव प्रभारी बनाया गया था। परिषद चुनाव को लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों का उल्लंघन बताते हुए सुबह कुमाऊं भर के एबीवीपी कार्यकर्ता नारे लगाते हुए विवि प्रशासनिक भवन के आगे धरने पर बैठ गए।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि लिंगदोह कमेटी की सिफारिशों के आधार पर विश्वविद्यालय के कैंपस और उससे संबद्ध अंतिम महाविद्यालय में मुख्य चुनाव के बाद 6 सप्ताह में छात्र परिषद के चुनाव हो जाने चाहिए, जबकि यह समयावधि निकल चुकी है। इसके बावजूद विवि प्रशासन सिफारिशों को ताक पर रख रहा है।
छात्र और विवि प्रशासन प्रतिनिधि वार्ता के लिए प्रशासनिक सभागार में एकत्र हुए, मगर वार्ता बेनतीजा रही। इसके बाद उग्र हुए कार्यकर्ताओं ने सभागार में रखी कुर्सियों को एक-एक कर पटकना शुरू कर दिया। कुछ कार्यकर्ता मेज पर चढ़कर नारे लगाने लगे। शाम करीब 4 बजे तक कुलपति और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच कई दौर की वार्ता हुई। जिसके बाद वीसी प्रो. धामी ने चुनाव 8 फरवरी तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
तनाव को देखते हुए सीओ एचसी सती के नेतृत्व में पुलिस फोर्स विवि पहुंची, पर तब तक मामला शांत हो गया था। प्रदर्शन में एबीवीपी के प्रदेश सहमंत्री चंद्रप्रकाश तिवारी, राजेंद्र राठौर, नितिन मंगला, प्रदेश मंत्री लोकेश कालाकोटी, वीरेंद्र सिंह, अजय बिष्ट, सतीश भट्ट, संजय नेगी, मनमोहन, देवेंद्र बोरा, भूपेंद्र सती, चंदन सिंह, हेमंत रावत, क्षितिज, मुकेश बनकोटी, दीपक मेलकानी, दयाकिशन पोखरिया, दीपक शर्मा, संजय शर्मा आदि शामिल थे। जबकि विवि की ओर से कुलसचिव प्रो. डीसी पाडे, परिसर निदेशक प्रो. एसपीएस मेहता, डीएसडब्लू प्रो. डीएस बिष्ट, प्रो. गिरधर नेगी, डा. आशीष तिवारी मौजूद रहे।
8 फरवरी तक चुनाव स्थगित किए जाते हैं। विवि प्रशासन स्तर पर चुनाव के संबंध में समीक्षा की जाएगी तथा छात्र प्रतिनिधियों की ओर से रखे गए पक्ष पर भी मंथन कर विधिक राय के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। -प्रो. एचएस धामी, कुलपति कुमाऊं विवि।
एनएसयूआई ने किया चुनाव का समर्थन
एनएसयूआई ने छात्र परिषद चुनाव कराने का समर्थन किया है। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील मेहरा तथा प्रदेश सचिव सूरज पांडे का कहना है कि वर्ष 2013 में लिंगदोह की सिफारिशों की तय समयावधि से लगभग 1 माह 24 दिन बाद चुनाव हुए थे। इस साल चुनाव निर्धारित समय से 2 माह देरी से हो रहे हैं। ऐसे में वह चुनाव कराने में कोई हर्ज नहीं है। हाईकोर्ट में संबंधित प्रकरण में किसी प्रकार का स्थगन आदेश नहीं है। वरन विवि की ओर से अधिवक्ता से विधिक राय मांगने के बाद चुनाव की कवायद शुरू की गई है। मामले में बुधवार को एनएसयूआई कार्यकर्ता कुलपति से मिलेंगे।