राजकीय स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय के छात्रा संघ चुनाव की प्रक्रिया में पहले ही दिन एबीवीपी चुनाव मैदान से बाहर हो गई है। अधिसूचना जारी होने के बाद शनिवार को नामांकन पत्रों की बिक्री हुई जिसमें कुल आठ नामांकन पत्र बिके।
ये नामांकन पत्र एनएसयूआई से अध्यक्ष पद समेत पैनल के प्रत्याशियों द्वारा खरीदे गए हैं। महिला कालेज में छात्रा संघ चुनाव में उतारने के लिए एबीवीपी को कोई प्रत्याशी ही नहीं मिल सकी।
महिला महाविद्यालय में छात्रा संघ का चुनाव छह अक्तूबर को होना है। शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. एके श्रीवास्तव ने बताया कि कुल आठ नामांकन पत्र बिके।
इसमें छात्रासंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, विश्वविद्यालय प्रतिनिधि, विज्ञान और कामर्स संकाय प्रतिनिधि पद के लिए एक - एक नामांकन खरीदा बिका है। उन्होंने बताया कि 3 अक्तूबर को प्रात: साढ़े दस बजे से अपराह्न ढाई बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। नाम वापसी चार को तथा उसी दिन दो बजे तक नामांकन पत्रों की जांच कर वैधता सूची का प्रकाशन होगा।
इधर, छात्रा संघ अध्यक्ष मनीषा जोशी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई ने मंजू नेगी को प्रत्याशी बनाया है। इसके साथ ही विभिन्न पदों पर भी प्रत्याशी उतारे गए हैं। उधर, एबीवीपी की ओर से एक भी नामांकन पत्र नहीं खरीदा गया है जिसके आधार पर चुनाव मैदान से एबीवीपी पहले ही दिन बाहर हो गई।
इस बारे में एबीवीपी के विभाग संयोजक चंद्रशेखर जोशी का कहना है कि उनके संगठन का मुख्य फोकस एमबीपीजी कालेज छात्रसंघ चुनाव पर है। महिला कालेज के चुनाव में एबीवीपी ने कोई प्रत्याशी नहीं उतारा है। हालांकि कुछ छात्राओं से बात हुई थी मगर वे सत्ता के दबाव की वजह से चुनाव लड़ने को तैयार नहीं हुईं।