हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अंकिता हत्याकांड, विधानसभा सत्र को छोटा किये जाने और भर्ती घोटाले को लेकर भाजपा पर कटाक्ष किया। साथ ही आम आदमी पार्टी और एआईएमआईएम को भाजपा के आत्मघाती दस्ते बताया।
कुमाऊं दौरे पर आए पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि हिमाचल की जीत से कांग्रेस पार्टी में नया संचार हुआ है। कई दिनों बाद कांग्रेस ने किसी राज्य में जीत हासिल की है। लोकसभा चुनाव से पहले यह जीत कांग्रेस के लिए बहुत मायने रखती है। गुजरात में आप और एआईएमआईएम भाजपा के लिए आत्मघाती दस्ते के तौर पर काम कर रहे थे। आप और एआईएमआईएम को भाजपा विरोधी वोट मिले जो कांग्रेस को मिलने चाहिए थे।
कहा कि दिल्ली एमएसीडी में जनता ने परिवर्तन को वोट दिया है। ये बात सही है कि हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा लेकिन जनता वहां परिवर्तन चाहती थी। कहा कि उत्तराखंड में देहरादून, ऊधमसिंह नगर, बागेश्वर, उत्तरकाशी जिलों में स्मैक की तस्करी बढ़ रही है। युवाओं के पास रोजगार नहीं है और वे नशे के दलदल में धंसते जा रहे हैं। कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में जिस वीआईपी का नाम सामने आ रहा है, उस वीआईपी को हर भाजपाई जानता है। कहा कि भर्ती घोटालों की जांच अच्छा कदम है, लेकिन इसकी आड़ में सरकार ने भर्तियों को ही रोक दिया है। कहा कि विधानसभा सत्र को दो के बजाए पांच दिन चलाना चाहिए था। सरकार जबाव देने से नहीं बच सकती है।