राशन कार्डधारकों के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता हो गई है। राशन कार्डों का डिजिटलाइजेशन होने से कार्डधारकों के परिवार का मुखिया ही नहीं बल्कि हर यूनिट का आधार कार्ड का नंबर देना होगा। नौ अक्तूबर तक खाद्य विभाग में आधार कार्ड नंबर देना है। आधार नंबर नहीं देने पर कार्डधारकों को राशन नहीं मिलेगा।
नैनीताल जिले में कुल 221393 कार्डधारक और 1030334 यूनिट हैं। इनमें एपीएल, बीपीएल और अंत्योदय सभी कार्डधारक शामिल हैं। 6500 दुकानदारों के माध्यम से कार्डधारकों को राशन का वितरण होता है। सरकार ने खाद्य वितरण प्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता कर दी है।
डीएसओ तेजबल सिंह के मुताबिक जिले में अब तक 149998 कार्ड के मुखिया और 143572 यूनिट का आधार नंबर लिंक हो चुका है। डीएसओ के मुताबिक अक्तूबर माह तक सभी कार्ड और यूनिट के आधार कार्ड लिंक होने हैं। इसको देखते हुए अक्तूबर के राशन वितरण में रोक लगा दी है। नौ अक्तूबर तक हर हाल में कार्ड के मुखिया और यूनिट का आधार कार्ड नंबर लिंक होना है।
डीएसओ के मुताबिक आधार कार्ड लिंक कराने के लिए गल्ला विक्रेताओं की बैठकें हो रही हैं। 475 गल्ला विक्रेताओं को कार्डधारकों के मुखिया और यूनिट के आधार कार्ड लिंक कराने के निर्देश दिए जा चुके हैं।
डीएसओ के मुताबिक कार्डधारकों को हर यूनिट का आधार कार्ड गल्ला विक्रेता के पास जमा करना होगा। गल्ला विक्रेता इसे विभाग में जमा कराएगा। इसके बाद ही गल्ला विक्रेताओं को कोटा रिलीज किया जाएगा।