हल्द्वानी। गोलीकांड के घायल को देखने सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे किच्छा लालपुर के युवक को कुछ लोगों ने पीट दिया। पीड़ित शुक्रवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी।
किच्छा के लालपुर में बृहस्पतिवार को रुद्रपुर निवासी विक्रांत को सरेआम गोली मार दी गई थी। घटना के बाद आशुतोष सिंह भंडारी निवासी महराया रोड लालपुर घटनास्थल पर पहुंचा और मामले की सूचना पुलिस को 112 पर दी। आशुतोष ने पुलिस को सौंपी तहरीर में आरोप लगाया है कि बीती रात विक्रांत को रेफर करने की जानकारी मिलने के बाद वह अपने साथी के साथ उसे देखने आया था। तभी रुद्रपुर निवासी युवकों ने उस पर हमला कर दिया। उसने जैसे-तैसे वहां से भागकर जान बचाई। पुलिस के मुताबिक विक्रांत की तीमारदारी को पहुंचे युवकों ने आशुतोष को विरोधी पक्ष का मानकर उसके साथ मारपीट कर दी। आशुतोष ने बताया कि मारपीट करने वाले युवक उससे रंजिश रखते हैं। सीओ सिटी अमित कुमार सैनी ने बताया कि तहरीर मिली है मामले की जांच की जा रही है।