हल्द्वानी। मुरादाबाद जिले के प्रेमी युगल को 28 दिनों से क्वारंटीन किया गया है। क्वारंटीन की अवधि समाप्त होने पर युवती ने अपने भाइयों के साथ जाने से इनकार कर दिया और अपने प्रेमी के साथ जाने की जिद पर अड़ी है। भाइयों को पुलिस ने घर जाने के लिए छोड़ दिया है। इधर, युवती के परिजन पुलिस पर युवक से मिलीभगत का आरोप लगा रहे हैं। कोतवाल का कहना है कि छोड़ने और रखने का काम जिला प्रशासन का है। पुलिस का इनसे कोई मतलब नहीं है।
मुरादाबाद जिले के भगतपुर क्षेत्र के गांव की युवती, उसके सगे और चचेरे भाई के अलावा उसके प्रेमी को पुलिस ने चंपावत से आते समय चार अप्रैल को पकड़ लिया था। सभी को पुलिस और प्रशासन ने क्वारंटीन कर दिया। क्वारंटीन की अवधि समाप्त होने पर युवती के परिजनों को जिला प्रशासन ने स्टेडियम से छोड़ दिया लेकिन युवती अपने भाइयों के साथ जाने के लिए तैयार नहीं हुई। इस मामले में कोतवाल संजय कुमार ने युवती से पूछताछ की तो उसने कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ जाएगी। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया है और प्रेमी उसे काशीपुर में लेकर रहेगा।
कहा कि दोनों का मुरादाबाद स्कूल में पढ़ाते समय प्यार हो गया था। प्रेमी एमबी इंटर कॉलेज में क्वारंटीन है। इधर युवती के पिता ने एसएसपी नैनीताल को पत्र लिखकर बताया कि उसकी बेटी दिमागी रूप से कमजोर है। उसने मुरादाबाद में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में उसने कोतवाली थाने के दरोगा पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
इस पर एसएसपी ने कोतवाल से जानकारी ली। कोतवाल का कहना है कि पुलिस ने किसी को नहीं रोका है। एडीएम ने पूछताछ कर रोका है। पुलिस का काम सुरक्षा करना है। इस मामले में आला अधिकारी ही निर्णय लेंगे।
कोर्ट मैरिज की बात युवती ने कबूल की
युवती बालिग है। उसे मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। मजिस्ट्रेट के आदेशानुसार उसे भेजने की कार्यवाही पुलिस करेगी। युवती ने कहा कि उसने कोर्ट मैरिज कर ली है और पति के साथ जाएगी। उसने एडीएम को प्रार्थनापत्र दिया है। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच कराएंगे।
- सुनील कुमार मीणा, एसएसपी