हल्द्वानी। बरेली रोड पर गोरापड़ाव क्षेत्र में बृहस्पतिवार रात गलत साइड से जा रहे ट्रक ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में लालकुआं निवासी सिद्धार्थ सिंह (26) की मौत हो गई जबकि उसका साथी अयान गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक में आग लग गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक चालक को पूछताछ के लिए चौकी में बैठा लिया है।
लालकुआं वार्ड चार निवासी सिद्धार्थ सिंह वार्ड के ही अयान खान के साथ बाइक पर मोतीनगर से गोरापड़ाव की ओर आ रहा था। तभी रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक से बाइक की भिड़ंत हो गई। ट्रक मोतीनगर की ओर जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर लोगों का जमावड़ा लग गया।
लोगों ने दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा। वहां उपचार के दौरान सिद्धार्थ ने दम तोड़ दिया। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि घटनास्थल मंडी चौकी के अंतर्गत हुआ है। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उनके छिटकने के बाद बाइक में आग लगी। दोनों वाहन पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं। प्रथम दृष्टया ट्रक चालक की लापरवाही सामने आ रही है।
मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी देने के साथ ही शव मोर्चरी भेज दिया है। शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। - अमित कुमार सैनी सीओ सिटी