भुजियाघाट में बर्थडे पार्टी मना रहा किशोर गधेरे में बहा
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क
हल्द्वानी शहर के रामपुर रोड स्थित टीपीनगर निवासी 17 वर्षीय आदित्य भुजियाघाट के एक गधेरे में बह गया। वह अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के साथ शनिवार को बर्थडे पार्टी मनाने के लिए भुजियाघाट गया था। करीब सात घंटे बाद भी उसका कुछ पता नहीं चला। देर शाम तक बचाव दल तलाश करते रहे।
पुलिस के अनुसार, आदित्य का शनिवार को 17वां जन्मदिन था। वह दोस्तों और रिश्तेदारों समेत करीब सात लोगों के साथ भुजियाघाट पहुंचा और यहां पार्टी शुरू की। कुछ देर बाद वह पास के ही गधेरे में नहाने के लिए उतर गया। तभी तेज बहाव के साथ पानी बढ़ता चला गया। उसके साथियों ने बाहर आने के लिए कहा लेकिन आदित्य गधेरे के बीच में था और पानी तेजी से उसकी तरफ बढ़ते हुए बहा ले गया।
दोस्तों की सूचना पर पुलिस और परिवार वाले पहुंचे। तुरंत एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम सक्रिये हुई और तलाश शुरू की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
मनमानी बन रही जान की दुश्मन
भारी बारिश और मौसम विभाग का अलर्ट होने के बावजूद लोग जान की बाजी लगाने से बाज नहीं आ रहे हैं। नतीजतन हादसों का शिकार होना पड़ रहा है। बीते दिनों पुलिस ने सख्त निर्देश जारी किए थे। साथ ही गौला नदी और उसके आसपास के संवेदनशील स्थानों पर जाने से रोक लगाई थी। यहां तक कि लोगों के पहुंचने पर कार्रवाई की बात भी कही। इसके बावजूद लोग मनमानी कर रहे हैं। वहीं पुलिस भी खामोशी से बैठी है।
किशोर की तलाश में बचाव दल जुटे हुए हैं। शनिवार को अंधेरा होने तक सर्च अभियान चलाया गया था। रविवार को फिर से तलाश शुरू की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर पुलिसकर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाई गई है। लगातार निगरानी भी रखी जा रही है। -अमित कुमार सैनी, सीओ हल्द्वानी।