नैनीताल। जून में नैनीताल पर्यटकों से पूरी तरह गुलजार हो चुका है। मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी और पहाड़ों में सुहावने मौसम का आनंद लेने के लिए हर दिन हजारों की संख्या में सैलानी यहां पहुंच रहे हैं। पर्यटकों का दबाव बढ़ने से मंगलवार देर शाम तल्लीताल और हल्द्वानी रोड पर वाहनों का दबाव बढ़ने से लंबा जाम लग गया। सड़क पर वाहनों की कतारें लगने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वर्तमान में शहर के अधिकतर होटल और होम-स्टे में डबल बेड रूम की शुरुआती कीमत तीन हजार रुपये तक पहुंच गई है। खास बात यह है कि यही कमरे ऑफ-सीजन के दौरान महज एक से डेढ़ हजार रुपये के बीच आसानी से उपलब्ध हो जाते थे। भारी भीड़ के चलते सप्ताहांत पर 70 से 80 फीसदी होटल पहले ही बुक हो रहे हैं जिससे बिना बुकिंग के पहुंचने वाले सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मंगलवार शाम अस्थायी पार्किंग स्थलों पर बिना हाेटल बुकिंग वाले पर्यटकों के वाहनों को रोकने के बाद यातायात व्यवस्था चरमरा गई। वहीं, तल्लीताल चौराहे से लेकर हल्द्वानी रोड तक और मॉलरोड पर भी वाहन फंसे रहे। सूचना मिलने पर पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका।
कैंची धाम में जाम के चलते खैरना में रोके भारी वाहन
गरमपानी (नैनीताल)। कैंची धाम में मंगलवार को श्रद्धालुओं की भीड़ के चलते खैरना पुलिस ने भारी वाहनों को अल्मोड़ा एनएच और रानीखेत सड़क किनारे रोके रखा। चौकी प्रभारी सतीश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि रात आठ बजे बाद भारी वाहनों को बारी-बारी से हल्द्वानी की तरफ छोड़ा गया।