नेशनल गेम्स के समापन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर प्रदेश मुख्यालय से सात आईपीएस अधिकारियों की मांग की गई है। साथ ही पूरे कार्यक्रम को लेकर दो हजार सुरक्षा कर्मियों की जरूरत बताई गई है।
शाह को स्टेडियम पहुंचाने के लिए बनाया जा रहा विशेष रास्ता
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में प्रवेश कराने के लिए प्रशासन ने नया रास्ता इजाद कर दिया है। इसके लिए हेलिपैड और स्टेडियम के बीच से दीवार को तोड़ दिया गया है। अब गृहमंत्री हेलिपैड से सीधे स्टेडियम पहुंचेंगे। ऐसा गृहमंत्री की सुरक्षा को लेकर किया गया है।
38वें राष्ट्रीय खेलों का समापन 14 फरवरी को गौलापार स्थित अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में होना है। गृहमंत्री शाह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। स्टेडियम में प्रवेश करने के लिए दो गेट हैं। एक गेट से दर्शकों का प्रवेश कराने की तैयारी, जबकि दूसरे से वीआईपी और वीवीआईपी को। ऐसे में इन दोनों में से किसी भी गेट से गृहमंत्री को स्टेडियम में प्रवेश कराना सुरक्षा के लिहाज से सुरक्षित नहीं माना गया। सूत्र के मुताबिक इसे देखते हुए प्रशासन ने सोमवार को हेलिपैड और स्टेडियम के बीच दीवार तोड़ने के बाद अब वहां रैंप बनाया जा रहा है। इस नए रास्ते से ही गृहमंत्री को स्टेडियम में प्रवेश कराया जाएगा।