हल्द्वानी। बरेली रोड स्थित मंडी में आलू-प्याज की आढ़त में पल्लेदारी का काम करने वाला नेपाल का युवक संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला।
नेपाल के दैलेख जिला निवासी प्रेम बहादुर (39) यहां एक दशक से भी अधिक समय से पल्लेदारी का काम कर रहा है। उसके परिवार तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं। शनिवार रात साढ़े नौ बजे वह गाड़ी लोडकर ऊपर आफिस वाले कमरे में सोने चला गया। सुबह जब काफी देर तक नहीं आया तो आठ बजे साथी उसे देखने गए तो उसका शव फंदे पर लटका था।
आनन-फानन उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिचित पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। पुलिस के मुताबिक शव मोर्चरी में रखा गया है। परिजनों के नेपाल से यहां पहुंचने के बाद ही सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पल्लेदार दीपक की आढ़त में काम करता था।