कोटाबाग। कोटाबाग ब्लॉक में बहने वाली दाबका नदी का मूल उद्गम पर्वतीय गांव बाघनी में है जहां भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। अब दाबका का रुख बदलने लगा है जिससे सल्वा, बांसी, छड़ा और अणियां गांव पर खतरा मंडराने लगा है। दाबका नदी से हो रहे कटाव के कारण देवीपुरा-सौड़ मोटर मार्ग का बड़ा हिस्सा नदी में समा चुका है। यही नहीं नदी के ऊपर बना पुल भी किसी भी समय ध्वस्त हो सकता है।
दरअसल देवीपुरा-सौड़ मार्ग कोटाबाग विकासखंड के 22 पर्वतीय गांवों को ब्लॉक मुख्यालय से जोड़ता है। क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रकाश सिंह बिष्ट ने बताया कि देवीपुरा-सौड़ मार्ग चार दिनों से बंद है। इसके कारण ब्लॉक मुख्यालय से उनके गांवों का संपर्क कट चुका है। सबसे ज्यादा परेशानी गांव की गर्भवतियों और मरीजों को हो रही है। उन्होंने प्रशासन से जल्द मार्ग की मरम्मत करने और गांवों को बचाने की मांग की है। संवाद
शनिवार को डीएम के साथ बैठक में देवीपुरा-सौड़ मार्ग के विषय में विस्तार से चर्चा हुई है। डीएम के आदेश पर वन विभाग और सिंचाई विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर जल्द ही दाबका नदी के चैनलाइजेशन के लिए काम कराया जाएगा। - फरहान खान, ईई, पीएमजीएसवाई।
पंगोट मार्ग पर पेड़ गिरा, डेढ़ घंटा यातायात बाधित
नैनीताल। बारापत्थर-पंगोट मार्ग पर रविवार दोपहर के समय एक पेड़ गिरने से यहां डेढ़ घंटा यातायात बाधित हो गया। बाद में जेसीबी की मदद से पेड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। बता दें बारापत्थर मार्ग पर दोपहर करीब 1:30 बजे पेड़ गिर गया। इस कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम ने आपदा प्रबंधन केंद्र को सूचना दी। इसके बाद जेसीबी की मदद से पेड़ को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया। पेड़ गिरने से करीब डेढ़ घंटे तक यातायात बाधित रहा। संवाद