आनन्दा दूध डेरी का शीत वाहन ट्रक हल्द्वानी से नैनीताल जाते समय दो गांव के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। वाहन में सिर्फ चालक ही मौजूद था। हादसे में दूध व अन्य डेरी प्रोडक्ट बड़ी मात्रा में बर्बाद हो गए।
नैनीताल शहर के समीपवर्ती दो गांव क्षेत्र में दूध और अन्य डेयरी प्रोडक्ट लेकर नैनीताल आ रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया। सूचना पर पहुंची ज्योलीकोट पुलिस ने रेस्क्यू अभियान चलाकर घायल चालक को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए हल्द्वानी भेज दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार सुयालबाड़ी-रामगढ़ निवासी बालम सुयाल सोमवार तड़के ट्रक संख्या यूके04-ए 9728 से आनंदा दूध डेयरी का दूध और अन्य डेयरी प्रोडक्ट लेकर नैनीताल आ रहे थे। दो गांव के समीप पहुंचते ही अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर करीब 200 फीट गहरी खाई में जा गिरा।
गनीमत रही कि चालक ने वाहन के खाई में गिरने के दौरान बीच रास्ते में ही छलांग लगा दी। हालांकि हादसे में वह घायल हो गया। सूचना मिलते ही ज्योलीकोट चौकी के कांस्टेबल मलकीत सिंह, अनूप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायल चालक को खाई से बाहर निकाला।