रामनगर (नैनीताल) क्षेत्र में बृहस्पतिवार को एक युवक की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने से परिवार सहित प्रशासन में हड़कंप मच गया।
युवक चार महीने से लीवर कैंसर से पीड़ित था। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है तो वहीं मौहल्ले में भी दहशत है। 32 वर्षीय युवक शिवमंदिर का रहने वाला था। वह दिल्ली की एक निजी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर तैनात था।
चार महीने से वह लीवर कैंसर से पीड़ित था और उसका इलाज राजीव गांधी मेमोरियल कैंसर हॉस्पिटल रोहिणी से चल रहा था। डॉक्टरों के जवाब देने पर उसे परिजन 25 मई को एंबुलेंस से रामनगर लेकर आए थे, प्रशासन ने उसे होम क्वारंटीन किया था।
26 को युवक का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया था। बृहस्पतिवार की सुबह साढ़े दस बजे युवक की मौत हो गई और मौत होने के आधा घंटे बाद ही युवक की जांच रिपोर्ट आई, जिसमें वह कोरोना पॉजिटिव निकला। युवक के अंतिम संस्कार के बाद उसके पूरे परिवार को क्वारंटीन किया जाएगा।