फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Nainital News: आसमान से 40 घंटे रिमझिम बरसा पानी, जमीन पर बिखर गई परेशानी

Mon, 28 Sep 2026 02:15 AM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, नैनीताल
विज्ञापन
विज्ञापन
नैनीताल/हल्द्वानी। जिले में शुक्रवार की रात से लगातार हो रही रिमझिम बारिश रविवार को भी लगातार जारी रही। करीब 40 घंटों से तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रविवार शाम पांच बजे की रिपोर्ट के अनुसार, जनपद में सबसे अधिक 185 मिलीमीटर बारिश नैनीताल में हुई। इसके बाद 179 मिमी कैंचीधाम और 137 मिमी बारिश बेतालघाट में हुई। हल्द्वानी में 132 मिमी बारिश दर्ज की गई। जिले में तीन राज्यमार्ग, तीन जिलामार्ग सहित 22 सड़कें बंद हैं।
विज्ञापन

जिले की बाधित सड़कों में पांच निर्माण खंड नैनीताल, पांच पीएमजीएसवाई ज्योलीकोट, पांच पीएमजीएसवाई काठगोदाम, तीन पीएमजीएसवाई हल्द्वानी, दो प्रांतीय खंड नैनीताल और दो निर्माण खंड नैनीताल की। फतेहपुर में बिजली की लाइन पर पेड़ गिरने आपूर्ति बाधित हो गई। बारिश से लाइनों में फॉल्टों का क्रम दिनभर चलता रहा।


दो इंच बढ़ा नैनीझील का जलस्तर
नैनीताल। बारिश के कारण नैनीझील का जल स्तर चुनौती बना हुआ है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद सिंचाई विभाग सतर्क हो गया था। शुक्रवार की रात से ही झील के निकासी द्वार छह इंच खोल दिए गए थे। शनिवार सुबह तेज बारिश को देखते हुए निकासी द्वार पूर्ण क्षमता के साथ 18 इंच खोल दिए गए। 24 घंटे तक निकासी गेट पूरे खुले रहने के बावजूद रविवार की सुबह नैनीझील का जल स्तर 88 फीट आठ इंच था। यह 24 घंटे पहले के जल स्तर से दो इंच ऊपर था। विभागीय उच्चाधिकारियों के निर्देश पर निकासी द्वार पूरे खुले रखे गए हैं। अधिशासी अभियंता डीके सिंह ने बताया कि जल स्तर की नियमित निगरानी की जा रही है। नियंत्रण कक्ष प्रभारी रमेश गैड़ा ने बताया कि जनवरी से अब तक कुल 2435 मिमी बारिश हो चुकी है। इसमें मानसून की बारिश 508 मिमी दर्ज की गई है।
विज्ञापन


नदियां उफान पर
बारिश के कारण नदी और नाले उफान पर हैं। आंकड़ों के अनुसार, रविवार को कोसी नदी का डिस्चार्ज 25981, गौला का 2449 और नंधौर नदी का डिस्चार्ज 11722 क्यूसेक दर्ज किया गया। गौला बैराज का जलस्तर 10 हजार क्यूसेक पार कर गया। एहतियातन बैराज के सभी छह गेट खोल दिए गए। इससे शीशमहल और शीतलाहाट प्लांट की जलापूर्ति ठप हो गई।
-
कीचड़ से पटीं सड़कें
हल्द्वानी में नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, बरेली रोड, रामपुर रोड समेत मुखानी नहर कवरिंग रोड, नवाबी रोड समेत गली-मोहल्ले की सड़कों में पानी-पानी होने से आवाजाही मुश्किल हो गई। सबसे अधिक परेशानी उन इलाकों में हुई जहां सड़कें खोदी गई हैं। कीचड़ से सनी सड़कों के बीच राहगीर और वाहन सवार जैसे-तैसे निकलते देखे गए।
-

कहां कितनी बारिश
नैनीताल : 185.0 मिमी
हल्द्वानी : 132.0 मिमी
रामनगर : 60.0 मिमी
कालाढूंगी : 85.0 मिमी
श्री कैंची धाम 179.0 मिमी
बेतालघाट : 137.0 मिमी
खनस्यू : 48.0 मिमी
मुक्तेश्वर : 135.5 मिमी
चोरगलिया : 80.0 मिमी

आम का पेड़ गिरने से पिता-पुत्री घायल, मकान और सामान क्षतिग्रस्त
गौलापार। चोरगलिया के मल्ला पचौनिया में रविवार को एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। तेज हवा के बीच आम का पेड़ टूटकर एक मकान पर जा गिरा। हादसे में किराए के मकान में रह रहे गौतम पुत्र मथुरा प्रसाद निवासी बहेड़ी और उनकी 18 वर्षीय पुत्री मुस्कान घायल हो गईं। मुस्कान की गर्दन में चोट आई है और शरीर में दर्द की शिकायत है। गौतम परिवार के साथ हरीश राम के मकान में किराए पर रह रहे थे। पेड़ गिरने से मकान की छत और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए। पड़ोस में रहने वाले अतीक अहमद पुत्र सादिक के मकान को भी नुकसान पहुंचा। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को बाहर निकाला। घटना की जानकारी के बाद प्रशासन की मौके पर पहुंचा।

शहर की जलापूर्ति बाधित
गौला बैराज से शीशमहल फिल्टर प्लांट को सुबह 11 बजे से शाम छह बजे तक पानी नहीं मिला। इससे पेयजलापूर्ति बाधित हुई और हाइडिल पॉलीशीट से लेकर मंगलपड़ाव, मुखानी, बिठौरिया तक की एक लाख की आबादी प्रभावित हुई। बैराज में सिल्ट जमा होने से शीतलाहाट प्लांट की भी आपूर्ति ठप रही। जलसंस्थान के सहायक अभियंता रवींद्र कुमार ने बताया कि गौला से पानी न मिलने के कारण शाम को जलापूर्ति प्रभावित हुई, काठगोदाम क्षेत्र में प्रभावितों को टैंकर से पानी दिया गया है।

आज से मौसम खुलने की संभावना
हल्द्वानी। तीन दिन तक लगातार चली बारिश रविवार शाम चार बजे बंद होने के बाद राहत मिली। बारिश की वजह से तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज हुई है। हालांकि अब आगे बारिश कम होने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार सोमवार को पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है हालांकि आमतौर पर मौसम सामान्य बने रहने की उम्मीद है। रविवार को 40 से 50 किमी तेज ठंडी हवा चलने से अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम 20 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड किया गया। संवाद

शहर से गौलापार तक बिजली का संकट
बारिश से शहर से लेकर गौलापार तक विद्युतापूर्ति प्रभावित रही। कठघरिया बिजलीघर के फतेहपुर फीडर की लाइन पर रविवार सुबह पेड़ गिर गया। इससे तीन हजार से अधिक की आबादी को बिजली संकट का सामना करना पड़ा। यूपीसीएल ने छह घंटे बाद बिजली बहाल की। दिनभर फ्यूज उड़ने, केबल में खराबी जैसे फॉल्ट की शिकायतें सामने आती रहीं। गौलापार के गांवों में फॉल्ट होने से बिजली की आंखमिचौली से ग्रामीण परेशान रहे। यूपीसीएल के ईई एसके गुप्ता ने बताया कि फतेहपुर में लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। बारिश के कारण इसे दुरुस्त करने में समय लगा। इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं की भी शिकायतें मिलीं। संवाद

परेशानियों की तस्वीर
दो गांव में लगातार हो रहा भूस्खलन
नैनीताल। बारिश के चलते नैनीताल-काठगोदाम रोड पर दो गांव के समीप पूरे दिन मलबा गिरता रहा। इस दौरान यातायात भी बाधित हुआ। एनएचएआई व पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली। जेसीबी की मदद से सड़क पर जमा मलबा हटवाया। एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि दो गांव में लगातार मलबा गिर रहा है। दो जेसीबी मौके पर ही तैनात हैं। मलबा गिरने पर जेसीबी से हटाकर मार्ग खोला जा रहा है।

एरीज मोड़ के समीप मलबा व पेड़ गिरने से हुआ यातायात बाधित
नैनीताल। रविवार की सुबह लगभग साढ़े आठ बजे नैनीताल काठगोदाम रोड पर एरीज मोड़ के समीप मलबे के साथ पेड़ गिरने से मार्ग बंद हो गया। सूचना के बाद विभागीय टीम ने मशीन से मलबा व पेड़ हटाकर मार्ग यातायात के लिए खोल दिया। एनएचएआई के सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि फिलहाल मार्ग खुला है, जहां भी मार्ग में मलबा गिरने की सूचना मिल रही है मशीन भेजकर खुलवाया जा रहा है।

कलवर्ट पर गिरा पेड़, यातायात बाधित
ज्योलीकोट। ज्योलीकोट-सड़ियाताल मार्ग नाले के कलवर्ट पर पेड़ की बड़ी शाखा आने के चलते मार्ग बंद हो गया। नाले का पानी मार्ग पर बहने लगा। ग्राम प्रधान हरगोविंद रावत की शिकायत पर लोनिवि के ईई ने मौके पर जेसीबी को भेजा। इसकी मदद से पेड़ की टहनी को निकाल लिया गया है।

टिकट काउंटर की जर्जर छत से गिरी निर्माण सामग्री
हल्द्वानी। बसअड्डे के जर्जर भवन की छत से रविवार को बारिश के बीच निर्माण सामग्री गिरती रही। इससे टिकट काउंटर में बैठे कर्मचारी बाहर आ गए। हालांकि कुछ देर बाद वे सामान्य दिनों की तरह काम में लग गए। बसअड्डे के सभी कक्षों की स्थिति दयनीय है। बारिश का पानी कमरों और परिसर में भर गया। कर्मचारी झाड़ू लगाकर पानी बाहर करते नजर आए। संवाद

नालियों की जाली में जमा कचरा हटाया
हल्द्वानी। नगर निगम की टीमों ने नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, तिकोनिया, वर्कशॉप लाइन आदि क्षेत्रों की नालियों के जालों में जमा कचरे को हटाया। बारिश के दौरान कचरा जमा होने से पानी सड़कों पर बहता रहा।

जलस्तर बढ़ने से गर्जिया मंदिर की दुकानें जलमग्न
रामनगर। कोसी का जल स्तर बढ़ने से रविवार को गर्जिया मंदिर के परिसर में लगने वाली दुकानें जलमग्न हो गईं। समय रहते दुकानदारों ने अपना सामान हटा लिया। वहीं प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए मंदिर को अगले आदेशों तक बंद कर दिया है। इधर बारिश के चलते रविवार को कॉर्बेट के ढेला, झिरना और गर्जिया जोन भी पर्यटकों के लिए बंद रहे। संवाद

मलबे के चलते थमीं वाहनों की रफ्तार
भीमताल/गरमपानी। रविवार सुबह पदमपुरी-धारी मोटर मार्ग पर पदमपुरी से पहले पहाड़ी का मलबा सड़क पर आने से डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहा। इससे सड़क पर एक किमी लंबा जाम लगा रहा। लोक निर्माण विभाग ने मलबा हटवाकर यातायात सुचारु किया। इधर, भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थुवा की पहाड़ी से झूलापुल गरमपानी व रामगाड़ देवी मंदिर, लोहाली की पहाड़ी व काकड़ीघाट में पहाड़ी से मलबा-पत्थर गिरने से जाम की समस्या रही। संवाद

कार के ऊपर पेड़ गिरने से बाल-बाल बचे लोग
भवाली(नैनीताल)। सैनिटोरियम-कैंचीधाम बाईपास पर शनिवार रात कार पर पेड़ गिर गया। घटना में कार में सवार दो लोग बाल-बाल बच गए। हादसे में कार क्षतिग्रस्त हो गई। रविवार की सुबह लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से पेड़ को हटाकर यातायात सुचारु किया। एई प्रकाश उप्रेती ने बताया कि पेड़ के गिरने से यातायात प्रभावित होने की सूचना मिलते ही जेसीबी और कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें