नैनीताल जिले में बेतालघाट ब्लॉक के ताड़ीखेत क्षेत्र की ग्राम पंचायत उलगौर में सोमवार की शाम छह बजे दो तेंदुओं ने एक बुजुर्ग महिला पर हमला कर दिया। मां पर हमला करता देख बेटे ने अपनी जान की परवाह किए बिना मां की साड़ी खींचने के साथ तेंदुओं को पत्थर मारकर और शोर मचाकर भगा दिया। तेंदुए के हमले से महिला बाल-बाल बच गई। तेंदुए के हमले के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरे लगाने की मांग की है।
उलगौर निवासी सुरेंद्र सिंह रावत ने बताया सोमवार की शाम छह बजे उनकी मां कमला देवी (62) को दो तेंदुओं ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि मां की चीख-पुकार सुनते ही वह दौड़े तो तेंदुए साड़ी से खींचते हुए मां को घसीटने लगे। उन्होंने कहा कि तेंदुए 100 मीटर तक उनकी मां की साड़ी खींचकर ले गए। इस दौरान उन्होंने शोेर मचाते हुए किसी तरह पत्थरों से हमला कर तेंदुओं को भगाया। उन्होंने कहा कि गनीमत रही की हमले में उनकी मां घायल नहीं हुई। सुरेंद्र ने बताया कि क्षेत्र में पहली बार तेंदुओं के हमले से ग्रामीणों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुओं को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने और ट्रैप कैमरे लगाने की मांग की है। संवाद
रात तक भी गौशाला से ऊपर गुर्राने की आवाज
ग्रामीणों के मुताबिक इस घटना के बाद भी तेंदुओं ने अभी ग्रामीण क्षेत्र नहीं छोड़ा है। तेंदुए गांव में गोपाल सिंह की गौशाला के ऊपर गुर्रान में लगे हैं जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।