नैनीताल। मानव-वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं ने वन विभाग की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। एक ओर विभाग आग पर काबू पाने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर वन्यजीवों के रिहायशी इलाकों की ओर रुख करने से नई चुनौतियां सामने आ रही हैं। नैनीताल में इन दिनों फायर सीजन और मानव वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बीते दिनों ज्योली, फिर भद्यूनी में हुई घटनाओं में एक महिला और एक युवक की मौत के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है, जिससे विभाग पर दबाव भी बढ़ रहा है। सीमित स्टाफ के साथ विभाग एक साथ दो-दो चुनौतियों से जूझ रहा है। डीएफओ आकाश गंगवार ने बताया कि फायर सीजन व घटनाओं के साथ होने से विभाग के लिए काम बढ़ गया है। इस दौरान विभाग पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। आग की घटनाओं पर नियंत्रण के साथ-साथ वन्यजीवों की गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि टीमों को लगातार अलर्ट पर रखा गया है और प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग लगने और वन्यजीवों के दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके।