नैनीताल। मल्लीताल आर्य समाज में हुए कार्यक्रम में वैदिक प्रवक्ता आचार्य डाॅ. श्वेत केतु शर्मा ने आर्य समाज की ओर से विश्व शांति के लिए चलाए जा रहे अभियान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विश्व में अशांति, युद्ध एवं संघर्ष का वातावरण है। शांति प्रिय ऋषि मुनियों के देश में भी भारतीय संस्कृति, सभ्यता और विचारधारा को नष्ट करने का कुचक्र रचा जा रहा है। धर्म को बचाने के लिए यज्ञ एवं वेदों को जन-जन तक पहुंचाना और महर्षि दयानंद सरस्वती के बताए मार्ग पर चलना जरूरी है। आचार्य ने कहा कि आज विश्व को वेदों की ओर लौटने की आवश्यकता है। वेदों और यज्ञ में जाति, समुदाय एवं धर्म का कोई स्थान नहीं है। यह मानव को उत्थान शांति, आत्मीयता, प्रेम, अपनत्व का पाठ सिखाता है। इससे पूर्व आर्य समाज के मंत्री केदार रावत आर्य की अगुवाई में विश्व शांति के लिए हवन किया गया। इसमें सत्य प्रकाश आर्य, गायत्री देवी, नीरज आदि रहे।