नैनीताल। कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग उत्तराखंड के सचिव दीपक कुमार ने बृहस्पतिवार को अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने पर्यटन सीजन में जाम से निजात के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने वनाग्नि सुरक्षा, मानसून सीजन की तैयारी, जल जीवन मिशन, गड्ढा मुक्त सड़कों की स्थिति, स्वास्थ्य विभाग और पोषण अभियान की समीक्षा की।
नैनीताल क्लब में हुई बैठक में उन्होंने पर्यटन सीजन में आवारा पशुओं के कारण यातायात अवरुद्ध होने व जाम की बढ़ती समस्या को देखते हुए शीघ्र निर्माणाधीन गोशालाओं को तैयार करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग, नगर निगम, लोनिवि के अधिकारियों को मानसून से पहले नालियों की साफ-सफाई व झाड़ी कटान के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक कुमार पांडे, एपीडी चंद्रा फर्त्याल, प्रभारी सीएमओ श्वेता भंडारी, सीईओ जेएम सोनी, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, अपर संखाधिकारी कमल मेहरा आदि मौजूद रहे।
पांच लाख लोग बना चुके आयुष्यमान कार्ड
नैनीताल। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि अब तक कुल 7 लाख 50 हजार के सापेक्ष पांच लाख तीन हजारों लोगों के आयुष्यमान कार्ड बनाएं गए हैं। इसपर सचिव ने कहा कि आवश्यकता हो तो हर दो सप्ताह में दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर लगाएं। उन्होंने पर्यटन विभाग के अधिकारियों को होम स्टे और मुक्तेश्वर, रामगढ़, रामनगर, भीमताल आदि इलाकों में डेस्टिनेशन वेडिंग प्वाइंट चिह्नित करने के निर्देश दिए। जिससे पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय लोगों को बेहतर रोजगार मिल सके।
वनाग्नि प्रभावित पाइंस और लड़ियाकांटा का निरीक्षण किया
नैनीताल। दीपक कुमार ने वनाग्नि से प्रभावित पाइंस और लड़ियाकांटा आदि क्षेत्रों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने आग से बचाव की जानकारी, फायर लाइन और लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए। उन्होंने वन पंचायतों में आग से बचाव के लिए स्थानीय जनता से समन्वय स्थापित करते हुए ठोस योजनाएं बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उप प्रभागीय वना अधिकारी राज कुमार समेत अन्य वन विभाग के कर्मी मौजूद रहे।