हल्द्वानी। अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत यहां एमबी कॉलेज मैदान में आयोजित सहकारिता महोत्सव में शनिवार को स्कूली बच्चों व विभिन्न सांस्कृतिक दलों के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं दूसरी ओर दोपहर बाद महोत्सव स्थल में लगाए गए स्टाॅलों पर खरीदारों की खासी भीड़ नजर आई।
शनिवार को कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दायित्वधारी रेनू अधिकारी व नवीन वर्मा ने किया। इस मौके पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से बाल विवाह व घरेलू हिंसा से संबंधी लघु नाटक, पोषण गीत, अनेकता में एकता गीत प्रस्तुत किया गया। दायित्वधारी रेनू अधिकारी, महाप्रबंधक आरएसरैना, बाल विकास अधिकारी किरन जोशी व शिल्पा जोशी ने प्रतिभागियों को सम्मानित किया। कुमाऊंनी विकास सांस्कृतिक संस्थान गौलापार के कलाकारों ने लोकगीत प्रस्तुत किए। ग्रामोत्थान परियोजना के जिला परियोजना प्रबंधक हरीश तिवारी ने विभागीय योजनाओं के बारे में बताया। बीपीएल प्रयास समिति के बाल कलाकार व रचयिता समूह के कलाकारों ने भी रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। आंचल कला केंद्र के कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक दिखाया। शाम को हुई सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक बंशीधर भगत ने किया। इस दौरान फौजी ललित मोहन जोशी के गीतों पर लोग जमकर थिरकते नजर आए। मेले में सहकारिता विभाग के जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल, जीएम आरएस रैना समेत कई लोग मौजूद रहे।
फोटो