हल्द्वानी। हल्द्वानी से चंडीगढ़ का 1753 रुपये किराया वसूल रहे प्राइवेट बस संचालक का 17500 रुपये का चालान किया गया। साथ ही डग्गामारी कर यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही अन्य प्राइवेट बस के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
परिवहन विभाग और नगर निगम की टीम ने मंगलवार शाम रामपुर रोड ट्रांसपोर्ट नगर में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अरुणाचल प्रदेश के नंबर की लग्जरी बस में चंडीगढ़ व लुधियाना के यात्रियों को बैठाया जा रहा था। यात्रियों से बात करने पर पता चला कि एक यात्री से स्लीपर टिकट के एवज में 1753 रुपये वसूले गए हैं जबकि चंडीगढ़ तक किराया 1200 के आसपास है। अरुणाचल प्रदेश की इस बस का चालान पिछले महीने भी हुआ था। इसके अलावा टीम ने दिल्ली जा रही बस का भी कोर्ट चालान काटा। टीम में एआरटीओ जितेंद्र सांगवान, एआरएम हल्द्वानी डिपो संजय पांडे व काठगोदाम डिपो एआरएम गणेश पंत शामिल रहे। संवाद
ट्रेनों में अब मिलने लगीं सीटें
हल्द्वानी। त्योहार निपटने के बाद रोडवेज बसों व ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ कम हो गई है। मंगलवार को काठगोदाम से चलने वाली रेलगाड़ियों में सप्ताह भर से बढ़ा यात्रियों का रेला कम नजर आया। इसका असर टिकटों की उपलब्धता पर भी पड़ा है। रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार से शनिवार तक शताब्दी एक्सप्रेस, संपर्क क्रांति, काठगोदाम-लखनऊ, देहरादून एक्सप्रेस में सीटों की वेटिंग कम हो गई है। हालांकि सुबह जैसलमैर से लौटने वाली गाड़ी में यात्रियों की संख्या अधिक है। हल्द्वानी व काठगोदाम डिपो की ओर से भी बसों का संचालन कम रहा। यात्रियों के अभाव में बीते रविवार के मुकाबले इस मार्ग पर 10 बसें कम हो गईं हैं।