हल्द्वानी। उत्तराखंड गठन के 25 साल पूरे होने पर उच्च शिक्षा विभाग प्रदेश के सभी कॉलेजों में कार्यक्रम करेगा। इसके साथ ही अगले 22 साल की कार्य योजना भी बनाई जानी है। यानी इन दो दशकों में छात्रसंख्या के हिसाब से उपलब्ध संसाधन और पढ़ाई के तौर-तरीके और डिजिटलाइजेशन के संबंध में प्रस्ताव तैयार होंगे।
सोमवार को उच्च शिक्षा सचिव डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा ने उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वीएन खाली के साथ ही उप निदेशक डॉ. गोविंद पाठक, डॉ. राजेंद्र सिंह भाकुनी के साथ वर्चुअली बैठक की। इसमें उन्होंने कहा कि नौ नवंबर को प्रदेश के 25 वर्ष पूरे होने पर ऐतिहासिक आयोजन हो। कहा कि तब होने वाले कार्यक्रम में जो कार्ययोजना बने, वह अगले दो दशक की यात्रा को ध्यान में रखते हुए हो। उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के साथ ही संसाधनों के हिसाब से भी सुदृढ़ होने की जरूरत है। इस मौके पर सभी कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं भी कराई जाएं।