हल्द्वानी। 16 टायरा ट्रक की टक्कर से छड़ायल चौराहे के पास हाइटेंशन लाइन का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे से टीपीनगर और 13 बीघा इंदिरानगर बिजलीघर की आपूर्ति ठप हो गई। इस कारण 60 हजार से अधिक लोगों को करीब छह घंटे बिजली संकट से जूझना पड़ा।
कमलुवागांजा से आ रही 33 केवी विद्युत लाइन का छड़ायल चौराहे के पास लगे पोल को अनियंत्रित ट्रक ने सोमवार दोपहर 1:30 बजे क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे बड़े आबादी क्षेत्र की बिजली गुल हो गई। सूचना पर टीपीनगर सब स्टेशन की एसडीओ शुभा जोशी के नेतृत्व में यूपीसीएल की टीम मौके पर पहुंची और लाइन दुरुस्त करने में जुट गई। टीम ने क्षतिग्रस्त पोल को बदलकर नया पोल खड़ा किया। इस दौरान ठंड में बिजली नहीं आने से लोग परेशान रहे। शाम 7:30 बजे बिजली बहाल हो पाई। इस दौरान टीपीनगर और 13 बीघा के हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके चलते शाम को पेयजलापूर्ति भी बाधित हुई। ग्रामीण डिविजन के ईई एसके गुप्ता ने बताया कि हाइटेंशन लाइन का पोल बदलने में समय लग गया। शाम होते ही सप्लाई बहाल कर दी गई।
चालक के खिलाफ तहरीर देगा यूपीसीएल
पोल को टक्कर मारने के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि आसपास के लोगों से जानकारी मिली कि तेज गति से जा रहा ट्रक पोल से जा टकराया। एसडीओ शुभा जोशी ने बताया कि ट्रक का नंबर ट्रेस किया जा रहा है। मंगलवार को चालक के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी जाएगी।
ये इलाके रहे प्रभावित
रामपुर रोड, जजफार्म, डहरिया, देवलचौड़, खन्ना फार्म, तल्ली हल्द्वानी, बेलबाबा, एफटीआई, सीएमटी, सत्यलोक कॉलोनी, निलियम कॉलोनी, इको टाउन, इंदिरानगर, नई बस्ती, गौजाजाली।
गौलापार के गांवों को टीपीनगर से नहीं मिली बिजली
विद्युत वितरण खंड शहर की ओर से सोमवार को जारी शटडाउन शेड्यूल के तहत गौलापार क्षेत्र में बिजली बाधित रही। एसडीओ यूके भास्कर ने बताया कि रानीबाग से गौलापार जा रही लाइन को डॉग कंडक्टर में परिवर्तित किया जा रहा है। इसके लिए सुबह 10 बजे से दोपहर तीन बजे तक का शेड्यूल था। विकल्प के तौर पर गौलापार क्षेत्र में टीपीनगर से भी बिजली की आपूर्ति नहीं हो पाई।