नैनीताल। ज्योलीकोट के समीपवर्ती गांजा के क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही क्षेत्र में बेहतर पेयजल सुविधा मिल सकेगी। ब्लॉक कार्यालय से संस्तुति के बाद ग्राम प्रधान की ओर से क्षेत्र में 15 हजार लीटर क्षमता के टैंक का निर्माण कराया जाना है जिसकी शुरुआत भी की जा चुकी है। बता दें कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग पेयजल समस्या से परेशान हैं। क्षेत्रवासियों ने बेलुवाखान की ग्राम प्रधान डॉ. बबीता मनराल के समक्ष इस समस्या को प्रमुखता से रखा। डॉ. मनराल ने बताया कि विभागीय औपचारिकताओं के बाद इसके लिए लगभग दो लाख रुपये की धनराशि अवमुक्त की जा चुकी है। भूमि का चयन कर कार्य की भी शुरुआत की पहल की जा चुकी है। शीघ्र कार्य भी शुरू कर दिया जाएगा। पेयजल के लिए हो रही कवायद का क्षेत्रवासियों ने भी स्वागत किया है।